
औरंगाबाद में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, यातायात चालान और खनिज मामलों का होगा निस्तारण।
औरंगाबाद | 24 News Live | 22 अगस्त 2026
औरंगाबाद जिले में 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। अधिकाधिक मामलों के निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, औरंगाबाद सक्रिय हो गया है।
इसी कड़ी में प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल ने अपने प्रकोष्ठ में दो महत्वपूर्ण समन्वय बैठकें की।
पहली बैठक में जिला खनिज विकास पदाधिकारी विकास कुमार शामिल हुए। खनिज विभाग से जुड़े निस्तारण योग्य मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में सुलह के आधार पर निपटाने पर चर्चा हुई।
दूसरी बैठक में यातायात डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप शामिल हुए। इसमें यातायात चालान से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और आमजन में जागरूकता को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
सचिव तान्या पटेल ने कहा कि यातायात चालान के मामलों का लोक अदालत में सरल और त्वरित समाधान संभव है। इसके लिए व्यापक जागरूकता फैलाई जाएगी ताकि लोग 12 सितंबर को अपने मामलों का निस्तारण करा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।
#NationalLokAdalat #Aurangabad #BiharNews #TrafficChallan #24NewsLive