
Saharsa विवेकानंद पथ सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, जांच को आयुक्त से लगाई गुहार
नगर निगम के वार्ड संख्या 03/11 स्थित विवेकानंद पथ में सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट प्रणव कुमार ने कोसी प्रमंडल के आयुक्त को आवेदन देकर जांच की मांग की है। आवेदन में सड़क की ढलाई निर्धारित मानक से कम, महज 2 से 2½ इंच किए जाने तथा घटिया ईंट और सीमेंट के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी निर्माण में अनियमितता की शिकायत फोटो और वीडियो के साथ अधिकारियों से की गई थी, जिसके बाद काम रोक दिया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद दोबारा सड़क की ढलाई शुरू करा दी गई। निर्माण स्थल पर संबंधित अधिकारी या जेई के मौजूद नहीं रहने और योजना का शिलापट्ट नहीं लगाए जाने पर भी सवाल उठाया गया है। प्रणव कुमार ने आयुक्त से मामले की जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य और सरकारी राशि की निकासी पर रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि नगर विकास विभाग और आर्थिक अपराध इकाई को भी भेजी गई है।