
जींवी गांव में चोरों की दहशत, गाड़ियों से कीमती सामान चोरी
ग्रामीणों ने पुलिस से लगाई आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार
लंबलू(हमीरपुर)| जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत पंधेड़ के अंतर्गत आने वाले गांव जींवी में चोरों की दहशत से लोग परेशान हैं। आलम यह है कि लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने से भी कतराने लगे हैं। दरअसल बीते शनिवार को एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मेहमानों की तीन गाड़ियों को चोरों ने निशाना बना डाला। अज्ञात चोर गाड़ी से स्टेरियो सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जींवी में एक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें दूर-दराज से लोग अपने वाहनों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान रात्रि के समय अज्ञात चोरों ने सड़क किनारे पार्क की गई तीन गाड़ियों के लॉक\ शीशे तोड़कर उनमें रखा स्टेरियो व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। कार्यक्रम समाप्त होने पर वाहन मालिकों को चोरी का पता चला, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना स्थानीय पंचायत को दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पंचायत प्रधान नेक राम ने बताया की गाँव में चोरी की शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है,
स्थानीय ग्रामीण मिलखी राम, विपिन कुमार,प्यार चंद, सुनील कुमार,संजय कुमार, जोंकी राम, सुखदेव और विवेक कुमार ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि वारदात को नशे के आदी लोगों ने अंजाम दिया हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं दोबारा भी हो सकती हैं। पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच कर आरोपियों की जल्द पहचान की जाएगी और चोरी हुए सामान की बरामदगी के साथ दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।