
के.एफ. रुस्तमजी विशिष्ट पुरस्कार के लिए सूबेदार जगदीश यादव का चयन, जिले में हर्ष का माहौल
आगर-मालवा। जिला पुलिस बल के लिए गौरव की बात है कि पुलिस लाइन आगर-मालवा में पदस्थ सूबेदार जगदीश यादव का चयन मध्यप्रदेश शासन के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार-2024 की विशिष्ट श्रेणी के लिए किया गया है। इस उपलब्धि पर जिला पुलिस विभाग में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार नियम-2013 के अंतर्गत वर्ष 2023-24 के लिए सूबेदार जगदीश यादव को विशिष्ट श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें सम्मान स्वरूप 50 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
सूबेदार जगदीश यादव ने अपने लंबे सेवाकाल में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, प्रशिक्षण गतिविधियों और कानून-व्यवस्था के बेहतर संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पुलिस लाइन एवं फील्ड स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने, परेड एवं अनुशासन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा विभागीय कार्यों के कुशल संचालन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले सूबेदार यादव ने पुलिस संगठन की गरिमा बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पुलिस बल के प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता और कार्यकुशलता के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सूबेदार जगदीश यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि सूबेदार जगदीश यादव को मिला यह सम्मान पूरे जिला पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवाएं अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह सम्मान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और समर्पित सेवा भावना को बढ़ावा देगा।
जिला पुलिस आगर-मालवा ने सूबेदार जगदीश यादव को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।