
पांगी के मूर्छ और चस्क भटौरी में राशन संकट, बर्फबारी से पहले खाद्य सामग्री पहुंचाने की उठी मांग
सैचू पंचायत की प्रधान रीता कुमारी ने राशन सप्लाई वेंडर पर लगाया लापरवाही का आरोप, प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से हस्तक्षेप की मांग
पांगी। जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत सैचू के मूर्छ और चस्क भटौरी गांवों में समय पर खाद्य सामग्री नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में कभी भी बर्फबारी होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों को भविष्य में राशन की आपूर्ति बाधित होने की चिंता सताने लगी है।
ग्राम पंचायत सैचू की प्रधान रीता कुमारी ने राशन सप्लाई वेंडर पर दोनों गांवों में समय पर राशन नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गोदाम में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद सप्लाई वेंडर द्वारा राशन नहीं उठाया जा रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रधान रीता कुमारी ने चिंता जताते हुए कहा कि मूर्छ और चस्क भटौरी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। यदि समय रहते खाद्य सामग्री नहीं पहुंचाई गई तो आने वाले दिनों में ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सेल्समैन द्वारा लोगों को राशन वितरण के दौरान बिल की रसीद उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक उपभोक्ता को बिल की रसीद उपलब्ध करवाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत प्रधान रीता कुमारी ने पांगी प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी शुरू होने से पहले मूर्छ और चस्क भटौरी में पर्याप्त मात्रा में राशन पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्गम क्षेत्र के लोगों को सर्दियों के दौरान खाद्य सामग्री की कमी का सामना न करना पड़े।
#PangiValley #HimachalPradesh #RationSupply #PublicIssues #HimSandesh
हिम संदेश Pangi Administration Tribal Live News Pangi Valley चल जान पांगी The Voice of Pangwal
Saach, Chamba | Nov 7, 2026