
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत बेलवाना पंचायत के अंजनवा गांव में आजादी के 78 साल बीत जाने के बाद भी पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति झेल रहे ग्रामीणों ने अब खुद ही इसके समाधान की पहल शुरू कर दी है। समाजसेवी इंकज कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण आपसी सहयोग से सड़क पर पत्थर, मिट्टी और मोरम डालकर उसे चलने लायक बनाने में जुटे हुए हैं।ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति बेहद बदतर हो जाती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होती है। वहीं, स्कूली बच्चों को भी कीचड़ भरे रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पक्की सड़क निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस पहल नहीं हुई। सरकारी व्यवस्था से निराश होकर ग्रामीणों ने आखिरकार खुद ही सड़क को दुरुस्त करने का बीड़ा उठा लिया है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अंजनवा गांव तक जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव के लोगों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से पहल करनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।श्रम एवं संसाधन दान करने वालों में लुकेश बास्के, ब्रह्मदेव राय, कल्लू कुमार, रजौली देवी और मुन्ना राय सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
#highlights
#jharkhand
#pwdroad