
एफपीओ को व्यवसायिक मॉडल विकसित करने पर प्रशिक्षण
#देवरिया में कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सुदृढ़ बनाने और उनके व्यवसायिक विकास के उद्देश्य से बैतालपुर स्थित कृषक प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एफपीओ प्रतिनिधियों को बेहतर व्यवसायिक मॉडल विकसित करने, बाजार की संभावनाओं और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना, भाटपाररानी के अध्यक्ष मांधाता सिंह ने एफपीओ के प्रतिनिधियों को व्यवसायिक मॉडल तैयार करने के संबंध में जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने एफपीओ के गठन, उद्देश्यों, बाजार की संभावनाओं और विभिन्न विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
पूर्वांचल पोल्ट्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक वेद व्यास सिंह ने बीज उत्पादन से कंपनी के सदस्यों को हो रहे लाभ की जानकारी साझा की। वहीं गड़ेर फिश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संकर्षण शाही ने मत्स्य उत्पादन और बाजार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। अन्य एफपीओ प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि एफपीओ को केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रखकर पशुपालन, मत्स्य पालन, प्राकृतिक खेती समेत अन्य गतिविधियों से जोड़कर विविधीकरण किया जाना चाहिए। इससे एफपीओ और उससे जुड़े किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी। उन्होंने कंपनी को होने वाले लाभ में सदस्यों को लाभांश देने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि देवरिया में मक्का, तिलहन और दलहन के क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। एफपीओ का गठन केवल अनुदान प्राप्त करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि ऐसे व्यवसायिक मॉडल के साथ किया जाना चाहिए जिससे कंपनी और उसके किसान सदस्यों का निरंतर विकास हो सके।
उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने एफपीओ की कार्यप्रणाली और उनके महत्व की जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी बैतालपुर, डीडीएम नाबार्ड, कृषि ज्ञान केंद्र देवरिया, अग्रणी जिला प्रबंधक समेत 26 फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों के निदेशकों ने प्रतिभाग किया।
#Deoria #DeoriaPost #FPO #कृषकउत्पादकसंगठन #किसान #कृषि #सूर्यप्रतापशाही #किसानोंकीआय