
दुष्यंत ने वोट-चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेराः हिसार में बोले-हरियाणा में 33 लाख वोट काट दिए, वोट की ताकत नहीं छीनने देंगे....
जननायक जनता पार्टी की ओर से रविवार को हिसार के अग्रसेन भवन में ताऊ देवीलाल की जयंती के उपलक्ष्य में नवसंकल्प महासम्मेलन आयोजित किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंच से वोट के अधिकार और मतदाता सूची के मुद्दे पर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए वोट बनवाने की मुहिम में सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 27 सितंबर को भी बूथों पर दावे और आपत्तियां लेने का अभियान चलाया जा रहा है और इसकी अंतिम तारीख 30 सितंबर है।
दुष्यंत बोले- 33 लाख वोट काट दिए
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पहले राजनीतिक दलों की ओर से वोटों में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते थे, लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े विवादों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के करीब 2 करोड़ 10 लाख वोटों में से 33 लाख वोट काट दिए गए।
उन्होंने मतदाता सूची में नामों की गलतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेजी में नाम की स्पेलिंग में मामूली अंतर होने पर भी लोगों के वोट के अधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की ताकत उनका वोट है और इसे कमजोर नहीं किया जाना चाहिए।
दुष्यंत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि नए वोट बनवाने के लिए होने वाली मुहिम में कमजोर न पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि लोगों के वोट का अधिकार प्रभावित होता है तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और पुराने राजशाही दौर में अंतर कम हो जाएगा।
#takkrtoday #AbhayChautala #sirsatody #santoshbeniwal #sirsabreaking #gokul #gokulsetia
Sirsa, Sirsa | Sep 27, 2026