
छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, खतरनाक गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा की मांग।।
खुसरूपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को बैकुंठनाथ मंदिर ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने की। इसमें विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने क्षेत्र के गंगा घाटों की जर्जर और खतरनाक स्थिति पर चिंता जताई। खासकर खुसरूपुर, बैकठपुर और मौसीमपुर घाट की स्थिति को लेकर सदस्यों ने कहा कि यहां छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना जरूरी है।
पूजा समितियों ने प्रशासन से मांग की कि खतरनाक घाटों पर नाविकों के साथ नाव की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पानी के भीतर मजबूत बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। घाटों की ओर जाने वाली सड़कों पर जाम से बचने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव भी दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अंचल पदाधिकारी रविन्द्र कुमार चौपाल ने बताया कि घाटों के निर्माण, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रशासन को इस बार कोई सरकारी आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने छठ पूजा समितियों से पूर्व की तरह आपसी सहयोग और स्वयंसेवी भावना के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में पुलिस निरीक्षक माया यादव, ओपी प्रभारी संतोष कुमार, पुअनि शिवजी यादव, पुअनि शकील अंसारी सहित विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में उठाई गई मांगों के बीच अब श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर सबकी नजर रहेगी।