आनी में सिर्फ एक अल्ट्रासाउंड मशीन आने को इतनी बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचार किया जा रहा है, जैसे कोई रोबोटिक सर्जरी सिस्टम आ गया हो। मशीन का आना निश्चित रूप से स्वागत योग्य है, लेकिन सवाल यह है कि क्या सिर्फ एक मशीन से पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हो जाएगी?
जरा उन महिलाओं की भी चिंता कीजिए जिन्हें गर्भावस्था के दौरान विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा के लिए रामपुर और शिमला जाना पड़ता है। जब Gynecologist, Pediatrician, MD Medicine और ENT Specialist जैसे आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिकताओं पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ऊपर से Pediatrician और MD Medicine जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले हो चुके हैं और नई अस्पताल बिल्डिंग का निर्माण फंड की कमी के कारण रुका हुआ है।
2022 के विधानसभा चुनावों के अनुसार आनी विधानसभा क्षेत्र में 88,955 पंजीकृत मतदाता थे। इतनी बड़ी आबादी वाले विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक-एक प्रमुख विशेषज्ञ डॉक्टर की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित न होना गंभीर चिंता का विषय है।
हम सरकार से स्पष्ट मांग करते हैं कि कम से कम एक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक-एक प्रमुख विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आनी को Gynecologist, Pediatrician, MD Medicine, ENT Specialist और Radiologist जैसी विशेषज्ञ सेवाओं की नियमित उपलब्धता मिलनी चाहिए, ताकि जनता को आवश्यक उपचार के लिए रामपुर, शिमला या अन्य स्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
और उन नेताओं से भी एक सवाल—एक छोटी-सी सुविधा के लिए इतने पोस्टर बनाकर बार-बार धन्यवाद और श्रेय लेने की होड़ क्यों? जिस क्षेत्र की जनता को आज भी विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए बाहर जाना पड़ रहा है, वहां एक मशीन को इतनी बड़ी उपलब्धि बनाकर पेश करना क्या उचित है? पहले जनता की वास्तविक जरूरतों और स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों पर ध्यान दीजिए, फिर पोस्टर और प्रचार कीजिए।
अल्ट्रासाउंड मशीन एक सुविधा है, पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं। मशीन के साथ उसकी उचित जांच और रिपोर्टिंग के लिए योग्य विशेषज्ञ/Radiologist, पर्याप्त स्टाफ और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी चाहिए।
जनता को केवल मशीन, उद्घाटन और प्रचार नहीं चाहिए; जनता को विशेषज्ञ डॉक्टर, पर्याप्त स्टाफ, पूर्ण अस्पताल भवन और समय पर इलाज चाहिए।
स्वास्थ्य सेवा प्रचार का विषय नहीं, जनता की मूलभूत जरूरत है।