
अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज दिवस पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
..
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को दीक्षा निकेतन विशेष स्कूल, पुराना जिला अस्पताल परिसर विदिशा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विशेष विद्यालयों एवं छात्रावासों के दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में दीक्षा निकेतन विशेष स्कूल एवं छात्रावास, उम्मीद शिक्षण समिति विशेष स्कूल, आकांक्षा स्पेशल स्कूल तथा सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास के दिव्यांग छात्र-छात्राएं एवं विषय विशेषज्ञ स्टॉफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री आयुषि गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक, सामाजिक न्याय विभाग विदिशा द्वारा सरस्वती पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. शोलू कांत, अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय विदिशा, एडवोकेट मनु श्रीवास्तव, श्रीमती मालती लोधी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, श्रीमती नेहा सिंह सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, श्री महेश कुशवाह सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सहित सामाजिक न्याय विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र विदिशा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीक्षा निकेतन विशेष स्कूल के संस्था प्रमुख श्री संजीव कुमार जैन तथा उम्मीद शिक्षण समिति के श्री निरंजन लोधी सहित संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं स्टॉफ ने सहभागिता की।
रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज दिवस के अवसर पर दिव्यांग छात्र-छात्राओं की प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली एवं पेंटिंग तैयार कीं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की गई तथा उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को उपहार एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज दिवस के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए संचार, शिक्षा, सहभागिता एवं समान अवसरों के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा। #Vidisha