
सीएचसी हवासपुर में औचक निरीक्षण, दो चिकित्सक अनुपस्थित मिले
सीएमओ डॉ. जय गोविन्द ने वेतन काटने के दिए निर्देश, गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
संदलपुर/कानपुर देहात। सीएचसी हवासपुर में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जय गोविन्द ने दोपहर तीन बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने संबंधित चिकित्सकों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश सीएचसी अधीक्षक को दिए। वहीं, अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. जय गोविन्द ने सीएचसी हवासपुर पहुंचकर अस्पताल परिसर और प्रसव कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह गंदगी मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सफाई कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इसमें चिकित्सक गुफरान दोपहर एक बजे के बाद अस्पताल से अनुपस्थित मिले, जबकि चिकित्सक तहजीब फातिमा बिना किसी सूचना के गैरहाजिर पाई गईं।
दोनों चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए सीएचसी अधीक्षक को एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लैब कक्ष का निरीक्षण किया। वहां जांचों की सूची उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध सभी जांचों का विवरण मुख्य गेट पर बोर्ड लगाकर अंकित कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जांच संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके।
सीएमओ ने दिए व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सीएमओ डॉ. जय गोविन्द ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सक अनुपस्थित मिले हैं। उनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।