
जिला चिकित्सालय डिंडोरी में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित ,परिजनों को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय डिंडोरी में नशा मुक्ति जनजागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा उपचार हेतु जिला चिकित्सालय आए हुए हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, समाज एवं आसपास के गांवों में भी नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम में श्री रमेश मरावी, सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय डिंडोरी, कोटपा नियंत्रण अधिकारी डॉ. धर्मवीर मार्को, श्री सरमन सिंह, प्रभारी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #dindori