
निजी आवासीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
बांदा। जिलाधिकारी बाँदा श्री अमित आसेरी के निर्देशन में जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा जनपद में संचालित निजी आवासीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में स्वीकृत एवं कार्यरत स्टाफ का भौतिक सत्यापन किया गया। कक्षा-1 से 12 तक कक्षावार छात्र संख्या एवं उपस्थिति की जांच की गई तथा 15 दिन या उससे अधिक समय से अनुपस्थित छात्रों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
अधिकारियों ने छात्रावासों में खाद्यान्न की उपलब्धता, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा छात्रों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। रजाई, गद्दे, कूलर, पंखे, डायनिंग व्यवस्था, कुर्सी-मेज एवं हैंडवॉश की उपलब्धता भी देखी गई।
किचन की स्वच्छता, खाद्यान्न स्टोर, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मेन्यू के अनुसार ताजा भोजन उपलब्ध कराए जाने की स्थिति की जांच की गई। प्रतिदिन दिए जाने वाले भोजन की संख्या, बचे हुए भोजन के उचित निस्तारण तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का भी सत्यापन किया गया।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में जलभराव, पहुंच मार्ग, शौचालय एवं स्नानालय की व्यवस्था तथा बालक-बालिकाओं के लिए पृथक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। बालिकाओं के लिए सैनिटरी एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता भी देखी गई।
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे, आवागमन पंजिका एवं सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भोजन की गुणवत्ता की जांच तथा छात्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी के निर्देशन में किए गए इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निजी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ, पौष्टिक और बेहतर शैक्षिक वातावरण प्राप्त हो।
Banda, Banda | Aug 24, 2026