
गौ सम्मान आह्वान अभियान का शुभारंभ, जिले में 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य
आगर-मालवा। गौ माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के उद्देश्य से संचालित गौ सम्मान आह्वान अभियान का शुभारंभ जिला कार्यालय आगर-मालवा में संतों के सान्निध्य एवं गौभक्तों की उपस्थिति में गो-पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे आगर-मालवा जिले से 5 लाख हस्ताक्षर एकत्रित किए जाएंगे। इसके लिए तहसील एवं ग्राम स्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा, जो जिले के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर गौभक्तों एवं आम नागरिकों से हस्ताक्षर करवाएंगी। अभियान के माध्यम से गौ संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरण का व्यापक प्रयास किया जाएगा।
अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत 27 जुलाई 2027 को देश के 790 जिलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन संबंधित जिलाधीशों को सौंपे जाएंगे। ज्ञापन में गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाएगी।
बैठक में शोभायात्रा के मार्ग, जनसंपर्क कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही अभियान के दौरान "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र के सामूहिक जाप का निर्णय लिया गया। आयोजकों के अनुसार 27 जुलाई को हजारों की संख्या में गौभक्त वाद्ययंत्रों एवं धार्मिक ध्वजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे, जहां ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में अभियान से जुड़े पदाधिकारी, संतजन एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।