
वेजफेड योजनाओं एवं आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की प्रगति की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी परिसंघ लिमिटेड (वेजफेड) के अंतर्गत संचालित योजनाओं तथा विभिन्न आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, भूमि उपलब्धता, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में औरंगाबाद जिला से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के साथ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान वेजफेड के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना, प्रखंड स्तरीय प्याज भंडारण, तरकारी आउटलेट तथा संघ स्तरीय शीत भंडार निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य स्तर पर प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना के लिए प्रति इकाई लगभग 10,000 वर्गफुट क्षेत्रफल एवं ₹114 लाख, प्याज भंडारण संरचना हेतु 1,500 वर्गफुट एवं ₹13.05 लाख, तरकारी आउटलेट हेतु 150 वर्गफुट एवं ₹7.44 लाख तथा संघ स्तरीय शीत भंडार हेतु 25,500 वर्गफुट क्षेत्रफल एवं ₹368.71 लाख प्रति इकाई लागत निर्धारित है।
बैठक में बताया गया कि राज्य में स्वीकृत 114 प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से 107 परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है तथा 93 परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष परियोजनाओं में भूमि उपलब्धता एवं अन्य कारणों से कार्य प्रगति पर है।
औरंगाबाद जिले की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले में वेजफेड के अंतर्गत तीन नव-प्रस्तावित प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं के लिए ओबरा, देव एवं मदनपुर प्रखंडों का चयन किया गया है. साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि जिले में इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अभियंता की प्रतिनियुक्ति अभी लंबित है।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि भूमि उपलब्धता से संबंधित सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए।
साथ ही प्रतिनियुक्त अभियंताओं के कार्यों की सतत निगरानी, मापी पुस्तिका का नियमित संधारण, जिला स्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित करने तथा वेजफेड उत्पादों के विपणन के लिए मिड-डे मील, सरकारी छात्रावास, जीविका संचालित कैंटीन, कारा एवं अन्य सरकारी संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने, भूमि उपलब्धता से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा वेजफेड योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #daudnagar #औरंगाबाद #aurangabad