
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में भ्रमण करते दिखे थाना प्रभारी
**हसनपुरा।** धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को हसनपुरा सहित आसपास के बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिली। पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। खासकर बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई एवं सजावट की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, धनतेरस के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल स्वयं क्षेत्र में भ्रमण करते दिखे। उन्होंने विभिन्न बाजारों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस बल लगातार बाजारों में गश्त करता रहा, ताकि खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, जाम या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं, पुलिस की सक्रियता से आम लोगों एवं दुकानदारों में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला।थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल की निगरानी में पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते नजर आए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य धनतेरस एवं आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।