
कछौना में नहर में नहाते समय हादसा: तीन किशोरियां डूबीं, दो को बचाया गया, एक की तलाश जारी
हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र में गुरुवार को शारदा नहर में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पैर फिसलने से तीन किशोरियां तेज बहाव में बहने लगीं। मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 12 वर्षीय शिवांशी लापता हो गई। देर शाम तक एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, ग्राम समसपुर निवासी कन्हैयालाल की पुत्री शिवांशी (12) तथा शिवानी (14) और मनोज की पुत्री नैंसी (13) अन्य बच्चों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। काम समाप्त होने के बाद सभी बच्चे शारदा नहर पर हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान तीनों किशोरियों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूबने लगीं।
चीख-पुकार सुनकर पास में जानवर चरा रहे सुनील राठौर ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने बहादुरी का परिचय देते हुए शिवानी और नैंसी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण शिवांशी तक नहीं पहुंच सके और वह पानी में लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पीआरवी-112, कछौना पुलिस, फायर ब्रिगेड, तहसील प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बाद में एनडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों और तैराकों की मदद से तलाश जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शिवांशी का कोई पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर का पानी बंद कराने और रेगुलेटर पर जाल लगवाने की मांग की है, ताकि खोज अभियान में तेजी लाई जा सके। ग्राम प्रधान अनूप कुमार उर्फ मटरू भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नहरों, नदियों और जलाशयों में नहाने या उतरने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
Bilgram, Hardoi | Jul 10, 2026