
वन्यजीव तस्करी में दो युवक हिरासत में,भोपाल से पहुंची एसटीएसएफ टीम
पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े सुराग मिलने की चर्चा
वन्यजीव अपराध और तस्करी के मामले में भोपाल की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने सीधी में बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएसएफ भोपाल और स्थानीय वन अमले की संयुक्त टीम ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कार्रवाई के बाद स्थानीय सर्किट हाउस व वन मंडल कार्यालय सीधी में दोनों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में वन्यजीव तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के संकेत हैं। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। सूत्रों का यह भी दावा है कि भोपाल से पहुंची टीम की कार्रवाई की जानकारी स्थानीय अमले को पहले से नहीं थी।
राजनीतिक परिवार से जुड़े होने की चर्चा
समाचार लिखे जाने तक सामने आई जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए दोनों युवक सिहावल विधानसभा क्षेत्र से एक बड़े नेता के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एसटीएसएफ वन्यजीव अपराध, अवैध शिकार और तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई करती है। सीधी में हुई कार्रवाई के बाद वन्यजीव तस्करी को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल अधिकारियों की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।