
श्रीमद्भागवत कथा का हुआ समापन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समां
बक्सर । ब्रह्मपुर उत्तरी क्षेत्र संख्या-13 के जिला परिषद पद के प्रबल दावेदार एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता के पांडेयपुर स्थित आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं कथा का शुक्रवार को पूर्णाहुति और महाभंडारे के साथ समापन हो गया। समापन अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी जगत के कई नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
ग्राम पांडेयपुर में 5 जून से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया गया। कथा का वाचन अयोध्या धाम के प्रसिद्ध संत ने किया। कथा के अंतिम दिन विशाल महाभंडारे के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी की नारदी विद्या के प्रख्यात कलाकार कमलबास कुँवर व्यास, गायक अशोक मिश्रा ,गायक बिनय मिश्रा ,गायक रोहित प्रधान ,गायक सोनू पांडेय तथा जेपी तिवारी सहित कई कलाकारों ने मंच से शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के गीत-संगीत और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों से उत्साहित दर्शकों ने उन्हें पुरस्कार स्वरूप नकद राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ब्रह्मपुर उत्तरी जिला परिषद क्षेत्र के हजारों लोगों के अलावा बक्सर और आरा जिले के सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर धनजी पांडेय ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष गांव स्थित वीर बजरंगबली मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के आग्रह पर आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वह जिला परिषद प्रत्याशी के रूप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगे। जनता का आशीर्वाद मिलने पर क्षेत्र के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में पहुंचे तुलसी विचार मंच रघुनाथपुर के संयोजक शैलेश ओझा ने धनजी पांडेय के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज को जोड़ने और संस्कृति के संरक्षण का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। वहीं पटना हाईकोर्ट के युवा अधिवक्ता रोहित पाठक ने आयोजन की सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
आयोजन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन,राकेश पांडेय,हेमंत कुँवर सहित अन्य आगंतुक अतिथियों का स्वागत धनजी पांडेय, संजय पांडेय, सुभाष पांडेय एवं विक्रमा पांडेय ने किया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
Buxar, Buxar | Jun 13, 2026