
लूडो में हारने पर दोस्त को मार डाला: लखनऊ में पेट-सीने पर ताबड़तोड़ कैंची मारी, भाई बोला- पुलिस ने एंबुलेंस तक नहीं बुलाई
लखनऊ में लूडो खेलते समय हुई लड़ाई में 32 साल के युवक की हत्या कर दी गई। दोस्त ने युवक के पेट और सीने में कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसे खून से लथपथ छोड़कर वहां से भाग गया। घटना की सूचना एक दुकानदार ने पुलिस को दी।
परिवार वाले खुद ऑटो से युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के मौसेरे भाई ने कहा कि पुलिस अगर समय से अस्पताल पहुंचाती तो भैया की जान बच जाती। वारदात अलीगंज में पुरनिया पुल के नीचे शनिवार शाम 6 बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- शराब पी रहे थे दोनों दोस्त
प्रत्यक्षदर्शी सलीम ने बताया- कुछ युवक फ्लाईओवर के नीचे लूडो खेल रहे थे। इस दौरान वे शराब भी पी रहे थे। लूडो खेलने के बीच ही उनके बीच मारपीट होने लगी। झगड़ा कर रहे 3-4 लोग अचानक वहां से भाग गए। लेकिन, एक युवक बेसुध पड़ा रहा।
सलीम के मुताबिक, वो और बाकी दुकानदार मौके पर दौड़कर पहुंचे। वहां देखा तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। हम लोगो ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके अलावा युवक के बारे में कुछ नहीं जान पाए।
फुटपाथ की मालिश दुकान से कैंची लेकर आया
पुलिस की जांच में सामने आया कि राहुल अपने साथी प्रदीप सिंह, बब्लू सिंह, पांडेय वकील और कुछ अन्य साथियों के साथ लूडो खेल रहा था। झगड़ा शुरू हो गया तो प्रदीप फुटपाथ की मालिश की दुकान से कैंची लेकर आ गया। उसने राहुल के सीने और पेट में कई जगह कैंची मारी।
जब राहुल खून से लथपथ होकर गिर गया तो प्रदीप के साथ वहां से सभी युवक भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। हमलवार प्रदीप मड़ियांव पुल के पास मुर्गी फार्म के पास रहता है। जहां पर घटना हुई, वह पुल अलीगंज और मड़ियांव थाना क्षेत्र का बॉर्डर है।
भाई बोला- पुलिस वाले सिर्फ माहौल देखते रहे
युवक राहुल के मौसेरे भाई शिवम ने बताया- घटनास्थल पर जो पुलिसकर्मी पहुंचे थे, वो सिर्फ माहौल देखते रहे। उन लोगों ने एंबुलेंस को नहीं बुलाया। हम लोग राहुल भैया को ऑटो से ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। भैया (राहुल) की करीब 5 साल पहले शादी हो चुकी थी। उनके 4 साल का एक बेटा भी है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घायल राहुल अवस्थी को तुरंत वाघा स्पताल ले जाया गया था। बाद में सूचना पर पहुंचे परिवारवाले उसे केजीएमयू लेकर चले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक राहुल उर्फ अभिषेक कुमार अवस्थी मूलरूप से सीतापुर के गैरोली का रहने वाला था।
ADCP नवीन कुमार सिंह ने बताया-
" युवक के साथ हुई घटना की सूचना अलीगंज पुलिस को मिली थी। आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ करके बाकी आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।