
सेहत सबके लिए अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र जालौन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण का प्रशिक्षण, किचन गार्डन किट वितरित
गर्भवती व धात्री महिलाओं के बेहतर पोषण और कुपोषण मुक्ति को लेकर 25 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया गया प्रशिक्षित
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
'सेहत सबके लिए' अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) जालौन में गर्भवती महिलाओं, धात्री (स्तनपान कराने वाली) माताओं के बेहतर पोषण प्रबंधन तथा जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र की गृह वैज्ञानिक डॉ. राजकुमारी के निर्देशन में हुआ, जिसमें 25 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. राजकुमारी ने गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता पर जोर देते हुए आयरन, फोलिक एसिड, प्रोटीन, दूध, हरी पत्तेदार सब्जियों तथा मोटे अनाजों को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी। वहीं धात्री माताओं के लिए जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने के महत्व और उनके आहार में पर्याप्त तरल पदार्थ, कैल्शियम व प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कुपोषण से बचाव के लिए संतुलित आहार की अहमियत बताते हुए कहा कि सही समय पर उचित पोषण उपलब्ध कराने से एनीमिया सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं व बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी 25 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से किचन गार्डन (पोषण वाटिका) किट निःशुल्क वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य गांवों में पोषण वाटिकाएं विकसित कर ताजी, रसायनमुक्त एवं पौष्टिक सब्जियों की उपलब्धता बढ़ाना है। अंत में डॉ. राजकुमारी ने सभी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को घर-घर तक पहुंचाने और जालौन को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
#oraijalaun #orai #jalaun #dmjalaun #up92
Orai, Jalaun | Jul 15, 2026