
कोटगेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर सहित 11 आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी, नकबजनी, आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में चालानशुदा, सक्रिय हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधियों सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अभियान के दौरान जुआ अधिनियम के तहत एक प्रकरण भी दर्ज किया गया, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा विभिन्न मामलों में उनकी संलिप्तता को लेकर अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह तथा सीओ सिटी अनुज डाल के निर्देशन एवं सुपरवीजन में की गई। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान चोरी एवं नकबजनी के मामलों में चालानश्दा तथा सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों पर कार्रवाई करते हुए
शाहजाद अली, महबूब उर्फ मोनू उर्फ डिफॉल्टर, राज जावा, साकिर, मनोज बाजवा, सागर उर्फ दुलिया, पुनित पंडित, वसीम अकरम और रितिक को गिरफ्तार किया। इसके अलावा आरपीजीओ अधिनियम के तहत आरोपी शाकिर को भी दबोचा गया।
इसी अभियान के दौरान गंगाशहर थाना के दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी रमेश पंचारिया को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वांछित था और उसकी तलाश की जा रही थी।
कोटगेट पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनसे चोरी, नकबजनी, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों की अन्य लंबित मामलों में क्या भूमिका रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और वांछित बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखा जा सके।