पश्चिम बंगाल के फेरी वाले युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
फुलपरास (मधुबनी)। फुलपरास थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के फेरी वाले युवक जियाउल हक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी कैलाश सोनी को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से गिरफ्तार किया है।
जियाउल हक मुर्शिदाबाद का रहने वाला था और फुलपरास इलाके में घूम-घूमकर फेरी का काम करता था। कुछ दिन पहले उसका शव कन्या मध्य विद्यालय बरही के समीप सड़क किनारे मिला था।
मामले की जांच के लिए एसएसपी मधुबनी योगेन्द्र कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का रॉड, छुरी और खून साफ करने वाला तौलिया बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मधुबनी से संतोष कुमार मंडल की रिपोर्ट।