
यमुनानगर: बस स्टैंड के पास 300 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, कीमत करीब 60 लाख रुपये
यमुनानगर में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बस स्टैंड के नजदीक ग्रीन पार्क क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 300 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
डिलीवरी करने के लिए घूम रहा था
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज अनिल कुमार को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के नजदीक ग्रीन पार्क के पास एक युवक नशीला पदार्थ लेकर किसी को डिलीवरी देने के लिए घूम रहा है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दानिश निवासी जलालपुर, जिला पानीपत के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पानीपत से बस में लाया था नशीला पदार्थ
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पानीपत से बस में हेरोइन लेकर यमुनानगर आया था। बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह ग्रीन पार्क के पास किसी व्यक्ति को खेप सौंपने का इंतजार कर रहा था। इससे पहले कि वह डिलीवरी कर पाता, पुलिस टीम ने मुखबिरी के आधार पर उसे दबोच लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह हेरोइन किसने उपलब्ध कराई थी और यमुनानगर में इसकी डिलीवरी किस व्यक्ति को दी जानी थी। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई चेन और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
Ambala, Ambala | Oct 6, 2026