
स्कूल में टीसी लेने गई पूर्व छात्रा को फुसलाकर ले गया शिक्षक, ऑनलाइन 4 दिन की छुट्टी डालकर फोन किया बंद
अलवर | विजय मंदिर थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल में टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) कटवाने आई एक पूर्व छात्रा को उसी स्कूल का शिक्षक बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। घटना के बाद आरोपी शिक्षक ने ऑनलाइन 4 दिन की छुट्टी का आवेदन किया और अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
चचेरे भाई को चकमा देकर दूसरे गेट से निकली छात्रा..........
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे छात्रा अपने चचेरे भाई के साथ टीसी कटवाने स्कूल गई थी। चचेरे भाई ने छात्रा को स्कूल के मुख्य गेट पर छोड़ दिया और बाहर ही इंतजार करने लगा। इसी दौरान छात्रा भाई को चकमा देकर दूसरे गेट से बाहर निकल गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
स्कूटी से जाते दिखे दोनों, पुलिस जांच में जुटी...........
जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिक्षक भूपेंद्र यादव (पुत्र राकेश यादव, निवासी राठ नगर, अलवर) बुधवार सुबह 8 बजे स्कूल पहुंचा था। छात्रा के स्कूल पहुंचते ही वह जरूरी काम का बहाना बनाकर दूसरे गेट से बाहर निकला। ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ स्कूटी पर जाते देखा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शिक्षक और उसके पिता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षक का मोबाइल बंद मिला और उसके पिता ने भी कॉल रिसीव नहीं किया।
2023 से कार्यरत था शिक्षक..............
स्कूल प्रिंसिपल के अनुसार, आरोपी शिक्षक भूपेंद्र दिसंबर 2023 से इस स्कूल में कार्यरत है। छात्रा ने सत्र 2025-26 में इसी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी और दोनों स्कूल के समय से ही एक-दूसरे के संपर्क में थे। घटना के दिन शिक्षक थोड़ी देर क्लास में रुकने के बाद चला गया था और उसने ऑनलाइन 4 दिन की छुट्टी डाल दी थी। विजय मंदिर थाना प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।