
14 जुलाई को चुवाड़ी क्षेत्र के कई गांवों में रहेगी विद्युत आपूर्ति बाधित
चुवाड़ी/भटीयात 12 जुलाई बबलू पठानिया
विद्युत उपमंडल चुवाड़ी के अंतर्गत आने वाले रायपुर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में 14 जुलाई (मंगलवार) को निर्धारित रखरखाव कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह शटडाउन प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक अथवा कार्य पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक, 11 के.वी. रायपुर फीडर पर आवश्यक मरम्मत, रखरखाव, रिकंडक्टरिंग कार्य तथा पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई की जाएगी, जिसके चलते फीडर से जुड़े कुल 25 ट्रांसफॉर्मर अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी डीटीआर (डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर) से विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
इस शटडाउन के कारण रायपुर फीडर के अंतर्गत आने वाले गांवों—रेंड, टाटूरु, ढोली, डॉट, साडल, बाड़ी, रायपुर, परोच, नरहेलू, ददरियाडा, चिहुन, कूट, गोधरा, रूपैना, पारसियरा, कुई, तला सहित अन्य आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
विद्युत विभाग ने यह भी बताया कि यह कार्य मौसम की अनुकूल परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। यदि मौसम प्रतिकूल रहा तो शटडाउन की समयावधि में परिवर्तन संभव है। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
विद्युत उपमंडल चुवाड़ी के सहायक अभियंता ई० राकेश कुमार ने कहा कि यह कार्य बिजली आपूर्ति को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें और विभाग के कार्य में सहयोग दें।
Chamba, Chamba | Jul 12, 2026