
*गेहूं स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़ने के मामले में गठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर इंस्पेक्टर सस्पेंड: विश्राम कुमार मीणा*
*खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग महानिदेशक ने निरीक्षक अंकुर जांगडा को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित*
*उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने एसडीएम शाहाबाद की अध्यक्षता में जांच के लिए कमेटी का किया था गठन*
कुरुक्षेत्र, 2 जून। (विक्रम सिंह) उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गेहूं स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़ने के मामले में गठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है।
उन्होंने कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा महानिदेशक अंशज सिंह ने खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक अंकुर जांगडा को उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन की अवधि के दौरान वे हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम 2016 के नियम 83 के अंतर्गत निर्वाह भत्ता के पात्र होंगे। उन्हें तब तक कोई निर्वाह भत्ता नहीं दिया जाएगा जब तक वे यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करते कि उन्होंने निलंबन की अवधि के दौरान कोई सेवा या निजी व्यवसाय नहीं किया है।