
देहरा: पूर्व विधायक होशियार सिंह पर विजिलेंस का शिकंजा, विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग में एफआईआर दर्ज
देहरा
#timesofhimachal
हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग के मामले में एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के प्रमाण मिलने के बाद विजिलेंस थाना धर्मशाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 409 (आपराधिक न्यासभंग) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस के अनुसार, वर्ष 2023-24 के दौरान ऐच्छिक निधि से कुछ लोगों के नाम पर आर्थिक सहायता स्वीकृत कर उनके खातों में राशि भेजी गई। जांच के दौरान कई लाभार्थियों ने बयान दिया कि उन्होंने किसी प्रकार की सहायता के लिए आवेदन नहीं किया था। आरोप है कि राशि खातों में आने के बाद उसे वापस निकलवाकर पूर्व विधायक के निर्देशानुसार सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों और लाभार्थियों के बयानों के आधार पर कथित गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। विजिलेंस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।