
रानीगंज नगर पंचायत में सहयोग शिविर, वार्ड 09 और 12 के नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान।
Sambadiya News-संवदिया न्यूज / रानीगंज
रानीगंज। नगर पंचायत रानीगंज की ओर से आम नागरिकों की नागरिक सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और दैनिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से वार्ड नंबर 09 एवं वार्ड नंबर 12 में एक दिवसीय ‘सहयोग शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। शिविर में दोनों वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं आवेदन दर्ज कराए।
शिविर में मुख्य रूप से जलजमाव, नाली की सफाई, स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड, पेंशन योजना, स्वच्छता एवं पेयजल से संबंधित शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित पटल पर अग्रसारित किया गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि ‘सहयोग शिविर’ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और वार्ड स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में इस तरह के शिविरों के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पंचायत रानीगंज के कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी सादिक अली, जेई ज्योति कुमारी सहित डाटा ऑपरेटर भवेश, सुशील, मंटू, विवेक, सुजीत, बिरेंद्र, राहुल और आयुष समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर में आए नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों के पंजीकरण तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया में सहयोग किया।
शिविर को सफल बनाने में स्थानीय वार्ड पार्षदों, नगर पंचायत कर्मियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
#रानीगंज #नगरपंचायतरानीगंज #सहयोगशिविर #वार्ड09 #वार्ड12 #अररिया #अररियान्यूज #बिहारन्यूज #नगरपंचायत #जनसमस्या #जनसुनवाई #नागरिकसेवा #जलजमाव #नालीसफाई #स्ट्रीटलाइट #राशनकार्ड #पेंशनयोजना #स्वच्छता #पेयजल #संवदियान्यूज #SambadiyaNews #ArariaNews #RaniganjNews #BiharNews