
कुमार पंचायत के युवक की जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पशुओं को लाने गया था हरबंस राणा
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की बढ़ी चिंता, सुबह ग्रामीणों ने रांगी जंगल में तलाश के दौरान मृत अवस्था में पाया
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार पंचायत के एक युवक की जंगल में दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरबंस राणा (38 वर्ष) पुत्र श्री राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत जंगल में पैर फिसलने से गिरने के कारण हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार हरबंस राणा बीते दिन अपने घर से मवेशियों को लाने के लिए जंगल की ओर गया था। लेकिन देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी। परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इसके बाद अगली सुबह ग्रामीणों ने भी जंगल में उसकी तलाश शुरू की। काफी छानबीन के बाद हरबंस राणा रांगी जंगल में मृत अवस्था में मिला। इस घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
38 वर्षीय हरबंस राणा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक सामान्य दिन की तरह घर से निकले युवक का इस तरह वापस न लौटना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद घटना है।
हिम संदेश परिवार इस दुखद घटना पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
Saach, Chamba | Nov 10, 2026