झुंझुनूं-जयपुर रोड पर एफसीआई गोदाम के पास हादसा
सड़क पर आए पशु से टकराई बाइक, पुलिस कांस्टेबल की मौत
गंभीर घायल विकास ने बीडीके अस्पताल में तोड़ा दम
झुंझुनूं : शहर के झुंझुनूं-जयपुर रोड पर एफसीआई गोदाम के पास हुए सड़क हादसे में पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसे में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत कांस्टेबल विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कोतवाली थाना अधिकारी श्रवणकुमार ने बताया कि गोवला निवासी कांस्टेबल विकास बाइक से पुलिस लाइन स्थित अपने क्वार्टर जा रहे थे। इसी दौरान एफसीआई गोदाम के पास अचानक सामने पशु आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक श्रद्धालु ने मानवता दिखाते हुए अपने वाहन से घायल कांस्टेबल को बीडीके अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण विकास की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। #Jhunjhunu #JhunjhunuNews Jhunjhunu Police