
गांधी जयंती पर पंचायतों में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, ग्रामसभाओं में खुली योजनाओं की ‘पोटली’।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड में गांधी जयंती के अवसर पर विकसित भारत गारंटी योजना के तहत रिफॉर्म उत्सव को लेकर विभिन्न पंचायतों के पंचायत सरकार भवन परिसरों में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभाओं में सरकारी योजनाओं की जानकारी से लेकर ग्रामीण समस्याओं तक पर खुलकर चर्चा हुई। कहीं आवास योजना की बात चली तो कहीं विकास कार्यों में ग्रामीणों की भागीदारी का मुद्दा प्रमुख रहा।मझौलिया पंचायत में आयोजित ग्रामसभा में मुख्य अतिथि डीडीसी काजले वैभव नितिन ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से संभव है। योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए पारदर्शिता और जनसहभागिता जरूरी है।
मुखिया सत्य प्रकाश ने कहा कि ग्रामसभा गांव की लोकतांत्रिक चौपाल है, जहां ग्रामीण अपनी जरूरत, समस्या और सुझाव सीधे सामने रख सकते हैं। पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।इसी क्रम में परसा पंचायत में मुखिया शिवशंकर ठाकुर उर्फ पुतुल ठाकुर की अध्यक्षता में ग्रामसभा हुई। जौकटिया पंचायत में मुखिया कुंती देवी की अध्यक्षता में आयोजित ग्रामसभा में युवा समाजसेवी विपिन साह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। वहीं अहवर कुड़िया पंचायत में मुखिया जानकी देवी एवं समाजसेवी किशुनदेव पंडित की मौजूदगी में ग्रामसभा आयोजित हुई। पंचायतों में पीएम आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामसभा में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें भी रखीं। गांधी जयंती पर आयोजित इन ग्रामसभाओं ने गांवों में विकास की चर्चा को नई धार दे दी। मौके पर रोजगार सेवक रंजीत कुमार, पंचायत सचिव सुमन कुमार, जगन्नाथ शर्मा ,मुकेश कुमार ,अजीत कुमार ,अरुण शर्मा, अजय साह,अमरेंद्र साह, अख्तर अंसारी ,उमेश प्रसाद, मुकेश साह, शिवनाथ प्रसाद राजन कुमार सहित अन्य शामिल थे ।