
बिहार में नवंबर के दूसरे सप्ताह से फिर खुलेगा शिक्षकों के लिए ट्रांसफर पोर्टल।
बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में सामान्य स्थानांतरण का पोर्टल फिर से खुलने वाला है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इसकी जानकारी दी है।
बिहार के सरकारी स्कूलों में कार्यरत लाखों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अगर आप भी घर के पास पोस्टिंग या दूसरे जिले में ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं तो नवंबर का दूसरा सप्ताह आपके लिए अहम होने वाला है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल एक बार फिर खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण ट्रांसफर की प्रक्रिया रोक दी गई थी, अब आचार संहिता खत्म होने के बाद पोर्टल दोबारा खोलने की तैयारी है।
बता दें कि बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली 2026 के तहत पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे।
*पहले चरण में आए थे 81,790 आवेदन -*
शिक्षा मंत्री ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पहले चरण में कुल 81,790 आवेदन प्राप्त हुए थे।
- सरप्लस शिक्षक श्रेणी में - 61,123 आवेदन
- म्यूचुअल ट्रांसफर के लिए - 9,244 आवेदन
- अंतरजिला स्थानांतरण के लिए - 11,423 आवेदन
इनमें से अब तक 21,940 शिक्षकों का ट्रांसफर किया जा चुका है। पोर्टल दोबारा खुलने पर उन शिक्षकों को भी मौका मिलेगा जो पहले चरण में आवेदन नहीं कर पाए थे।
*25 हजार वित्त रहित कर्मियों को भी राहत -*
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के करीब 25 हजार शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के बकाया भुगतान के लिए 195 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। भुगतान की प्रक्रिया DBT के माध्यम से शुरू कर दी गई है।
*दूसरे राज्यों की सुविधाओं का अध्ययन -*
मंत्री ने कहा कि सरकार दूसरे राज्यों में शिक्षकों को मिलने वाली सुविधाओं का अध्ययन कर रही है ताकि बिहार में भी शिक्षकों के हित में बेहतर फैसले लिए जा सकें।
फिलहाल शिक्षकों को शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। पात्रता और आवेदन की अंतिम तारीख का नोटिफिकेशन जल्द ही जारी होगा।