
तीर्थदर्शन योजना के तहत जिले के 262 यात्री 3 जुलाई को होंगे हरिद्वार-ऋषिकेश रवाना
---
सतना 01 जुलाई 2026/मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत सतना जिले से हरिद्वार-ऋषिकेश की तीर्थयात्रा 3 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर #सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, विभिन्न तहसीलों से प्राप्त सूची के आधार पर रेंडमाईजेशन प्रक्रिया के पश्चात 262 मुख्य तीर्थयात्रियों एवं 27 प्रतीक्षारत यात्रियों का चयन किया गया है। तहसीलवार चयनित यात्रियों की सूची एवं मुख्य यात्रियों के टिकट संबंधित तहसीलों को भेज दिए गए हैं। सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है कि वे सूची को कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें, चयनित यात्रियों को दूरभाष के माध्यम से सूचित करें तथा तहसील स्तर पर ही टिकट वितरण सुनिश्चित करें। निर्देशों के अनुसार सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को 3 जुलाई 2026 को ट्रेन प्रस्थान से तीन घंटे पूर्व सतना रेलवे स्टेशन पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। यदि कोई चयनित यात्री यात्रा में सम्मिलित नहीं हो पाता है तो उसकी टिकट प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी सूचना धर्मार्थ शाखा को देना अनिवार्य होगा।
यात्रा के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए कलेक्टर सतना द्वारा विभिन्न तहसीलों के राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों सहित कुल 24 कर्मचारियों की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर लगाई गई है। इन्हें यात्रियों की बैठक व्यवस्था, टिकट वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी तहसीलदारों को यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि कोई कर्मचारी अवकाश या अस्वस्थता के कारण अनुपस्थित रहता है तो उसके स्थान पर वैकल्पिक कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर इसकी सूचना धर्मार्थ शाखा को तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
#JansamparkMP
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav