
बाल साहित्य लेखन अति कठिन: उपायुक्त राहुल कुमार
कल्याण कला मंच ने उपायुक्त को भेंट किया बाल कविता संग्रह ‘रंग बिरंगे फूल’
बिलासपुर, ब्यूरो। कल्याण कला मंच बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त राहुल कुमार से मुलाकात की। इस दौरान मंच की ओर से उन्हें कुशल प्रशासन के लिए सरस्वती माता की दिव्य चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मंच के सुरेंद्र मिन्हास के नेतृत्व में अमरनाथ धीमान, जीत राम सुमन, हुसैन अली और शिवनाथ सहगल ने उपायुक्त से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मंच की ओर से हाल ही में प्रकाशित बाल कविता संग्रह ‘रंग बिरंगे फूल’ की प्रति भी उपायुक्त राहुल कुमार को भेंट की।
पुस्तक के संपादक सुरेंद्र मिन्हास ने बताया कि इस संग्रह में मंच से जुड़े 30 बाल कविता लेखकों की तीन-तीन कविताओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और साहित्यिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करना है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने पुस्तक में विशेष रुचि दिखाई और मंच के सदस्यों तथा संपादक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि साहित्य लेखन अपने आप में मुश्किल कार्य है, लेकिन बाल साहित्य का लेखन उससे भी अधिक कठिन है, क्योंकि बच्चों की भावनाओं और उनकी सोच के अनुरूप सरल एवं प्रभावी रचना करना चुनौतीपूर्ण होता है।
उपायुक्त ने मंच के सदस्यों को बिलासपुर से संबंधित साहित्य के लेखन और प्रकाशन की दिशा में भी कार्य करने का सुझाव दिया। इस पर मंच के सदस्यों ने बताया कि कल्याण कला मंच जल्द ही ‘बिलासपुर के व्यक्तित्व’ नामक पुस्तक का प्रकाशन करने जा रहा है।
#Bilaspur #HimachalPradesh #BalSahitya #RangBirangePhool #KalyanKalaManch #HindiSahitya #UTHimachal #UTNews