
पंचकूला में अवैध निर्माणों पर कड़ा एक्शन, उपायुक्त सतपाल शर्मा ने दिए सख्त अभियान चलाने के निर्देश
पंचकूला में अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आज जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सतपाल शर्मा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अवैध निर्माणों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न होने पाएं।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका द्वारा पेरिफेरी नियंत्रण अधिनियम तथा पंजाब अनुसूचित सड़कें एवं नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम 1963 के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विशेष रूप से नियंत्रित क्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्गों और निर्धारित 30 मीटर प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शेड्यूल्ड सड़कों और प्रतिबंधित दायरे में हुए अतिक्रमणों की पहचान कर कार्रवाई करें तथा आगामी बैठक से पहले रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने बैठक में बताया कि मई 2026 के दौरान चार डेमोलेशन ड्राइव सफलतापूर्वक चलाए गए। इन अभियानों के तहत राजस्व संपदा कोना, लहरोंडी, परगियां, खेरावांली, काजमपुर, रायपुररानी और बतौड क्षेत्रों में 9 अवैध कॉलोनियों में सड़क नेटवर्क और डीपीसी को ध्वस्त किया गया।
इसके अतिरिक्त पंचकूला के अर्बन एरिया में एक नई अनधिकृत कॉलोनी की पहचान की गई, जिसके विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। बैठक में एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगर निगम के उप आयुक्त अभय सिंह, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, तहसीलदार मोरनी प्रद्युमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#panchkulanews #Panchkula #panchkulasocialmedia