
समस्तीपुर में डिप्टी सीएम का पुतला दहन: कॉलेज बचाने के लिए भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन से गुजरने वाले पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की जद में केएसआर कॉलेज के आने के विरोध में छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की भूख हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रशासन के ढुलमुल रवैये के विरोध में छात्रों ने शनिवार को अनशन स्थल के सामने बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी का पुतला दहन किया।
इस मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजन कुमार ने कहा कि एनएचएआई द्वारा पूर्व में कराए गए स्वतंत्र सर्वे में कॉलेज की जमीन एक्सप्रेस-वे की जद में नहीं आ रही थी। सरायरंजन बाजार भी इससे बच रहा था। लेकिन एक राजनेता के संबंधी की जमीन बचाने के लिए एलाइनमेंट में बदलाव किया गया। इसके कारण सरायरंजन बाजार की 150 से अधिक दुकानें तथा सरायरंजन कॉलेज का मैदान और पुराना भवन सड़क की जद में आ गए हैं। इन्हें तोड़े जाने की स्थिति में कॉलेज का अस्तित्व प्रभावित होगा। कॉलेज में 1600 से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।