
अतरौलिया - ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश, पूर्व प्रधान के खिलाफ थाने में तहरीर
अतरौलिया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अतरौलिया थाने पहुंचकर आरोपी पूर्व प्रधान हरिराम यादव उर्फ बागी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चकचौबे (पलया) गांव निवासी पूर्व प्रधान ने 19 जून को फेसबुक पर ब्राह्मण समाज, पुजारियों तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित रूप से अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नीरज तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था का भी अपमान हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडे ने कहा कि किसी भी समाज, धर्म या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। गन्ना समिति बूढ़नपुर के चेयरमैन चंद्रजीत तिवारी ने भी मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान चंद्रजीत तिवारी, नीरज तिवारी, वीरेंद्र पांडे, प्रवीण सिंह, आनंद तिवारी, घनश्याम पांडे, बृजेश पांडे, अंकित शुक्ला, प्रदीप पांडे, संदीप पांडे, राम पूजन तिवारी, प्रमोद पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।