
शाहनगर। शाहनगर क्षेत्र के ग्राम तिंदुनी अंतर्गत राजनगर मोहल्ले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर अचानक ब्लैक कोबरा घुस आया। जहरीले सर्प को देखकर घर के लोगों में दहशत फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय निवासी रमाकांत आदिवासी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्प मित्र धीरेन्द्र सोनी (मोनू सोनी) को सूचना दी। सूचना मिलते ही धीरेन्द्र सोनी बिना देर किए मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी सतर्कता और सूझबूझ के साथ धीरेन्द्र सोनी ने ब्लैक कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। जहरीले सर्प को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए जंगल में ले जाकर मुक्त कर दिया गया।
सर्प मित्र धीरेन्द्र उर्फ मोनू सोनी ने बताया कि वे दक्षिण वन मंडलाधिकारी अनुपम शर्मा के मार्गदर्शन में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य लोगों में जागरूकता फैलाना और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांपों को मारें नहीं, बल्कि बचाने का प्रयास करें, क्योंकि सर्प पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सर्प काट ले, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में पड़ना खतरनाक साबित हो सकता है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि जागरूकता और सही समय पर उठाया गया कदम न केवल मानव जीवन बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।
#Shahnagar #PannaNews #SnakeRescue #CobraRescue #WildlifeProtection #TrendingNews