
घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई का दावा, वार्ड-12 में कचरे का अंबार खोल रहा व्यवस्था की पोल
महनार नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर फिर उठे सवाल, कई दिनों से जमा कचरे का नहीं हो रहा उठाव; जिलाधिकारी तक पहुंची शिकायत
महनार। महनार नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की हकीकत बयां करती दो तस्वीरें इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। एक तस्वीर में नगर परिषद के अधिकारी और जनप्रतिनिधि छठ घाटों पर युद्धस्तर पर सफाई कराने का दावा करते नजर आ रहे हैं, तो दूसरी ओर महनार नगर के वार्ड संख्या 12 में जगह-जगह जमा कचरे का ढेर नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
गौरतलब है कि बीते दिनों नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 में भी सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठाए गए थे। अब वार्ड संख्या 12 के निवासी राकेश कुमार ने सफाई व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वार्ड में पिछले कई दिनों से कचरे का ढेर जमा है, लेकिन नगर परिषद की ओर से अब तक उसका उठाव नहीं कराया गया है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राकेश कुमार ने इस समस्या को लेकर व्हाट्सएप के माध्यम से जिलाधिकारी को भी कचरे की तस्वीर और वीडियो भेजकर स्थिति से अवगत कराया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब छठ घाटों की सफाई को लेकर युद्धस्तर पर अभियान चलाने का दावा किया जा रहा है, तो नगर के वार्डों में नियमित सफाई और कचरे का उठाव सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रहा है? अब देखना यह होगा कि शिकायत के बाद नगर परिषद के अधिकारी इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं।