
झज्जर की बेटी पूर्वा सिवाच का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन
झज्जर। जिले के गांव पहाड़ीपुर की बेटी पूर्वा सिवाच ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पूर्वा का चयन भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। वह श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं।
पूर्वा ऑलराउंडर और मीडियम पेसर के रूप में खेलती हैं। उन्होंने दिल्ली क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई और इसी प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में जगह हासिल की।
पूर्वा की इस उपलब्धि से गांव पहाड़ीपुर सहित पूरे झज्जर जिले में खुशी का माहौल है। उनके पिता धर्मेंद्र सिवाच दिल्ली में सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता सुनीता सिवाच हरियाणा में जेबीटी शिक्षिका हैं। उनके भाई यश सिवाच भी क्रिकेट की तैयारी में उनका सहयोग करते हैं।
परिवार ने पूर्वा के क्रिकेट अभ्यास के लिए घर की छत को ही क्रिकेट मैदान बना दिया था। बचपन से क्रिकेट के प्रति उनके जुनून और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम है कि आज उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
पूर्वा के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। लोगों का कहना है कि पूर्वा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
पूर्वा सिवाच की उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से छोटे गांवों से निकलकर भी युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
#सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण