
*पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल की कांवड़ यात्रियों से अपील:*
*शांति, सौहार्द और यातायात नियमों का करें पालन*
*सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, हथियार, जुगाड़ वाहनों और मादक पदार्थों पर रहेगा सख्त प्रतिबंध*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल (आईपीएस) के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, शिविरों तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित कांवड़ शिविरों और यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त करने तथा हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष यातायात व्यवस्था भी लागू की गई है। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मार्गों पर निगरानी रखेंगी ताकि यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रियों से सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भाले, त्रिशूल सहित अन्य धारदार हथियार, मादक पदार्थ तथा प्रतिबंधित वस्तुएं साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा मोटरसाइकिल से यात्रा करने वाले कांवड़ यात्री मॉडिफाइड या तेज आवाज वाले साइलेंसर का प्रयोग न करें तथा अपने वाहन के सभी वैध दस्तावेज अपने साथ रखें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा किसी भी प्रकार के जुगाड़ (अवैध एवं असुरक्षित) वाहन से कांवड़ लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस की लगातार गश्त जारी रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जाएगी ताकि अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक एवं शरारती तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने सभी कांवड़ यात्रियों, शिविर संचालकों और जिले के नागरिकों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध वस्तु अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Uklana, Hissar | Aug 4, 2026