
पानीपत में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ, पाँच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील
पानीपत, 28 जून। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (National Immunization Day - NID) के अंतर्गत आज जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत में अभियान का शुभारंभ दो बूथों से किया गया।
प्रथम पोलियो बूथ का उद्घाटन माननीय उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह, सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक तथा उपनिदेशक (टीकाकरण) डॉ. ओमपाल सैनी की उपस्थिति में किया।
द्वितीय पोलियो बूथ का उद्घाटन भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दुष्यंत भट्ट, सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक तथा उपनिदेशक (टीकाकरण) डॉ. ओमपाल सैनी की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर माननीय उपायुक्त ने कहा कि पोलियो उन्मूलन में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएँ, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुँचना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि जिले में अभियान के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले दिन बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि आगामी दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएँगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुँच पाए।
उपनिदेशक (टीकाकरण) डॉ. ओमपाल सैनी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए शत-प्रतिशत कवरेज आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने तथा पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।