प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
18 सितंबर 2026
शीर्षक: 'सबका सम्मान-जीवन आसान' योजना के तहत आयोजित हुआ जनता दरबार। शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान का अधिकारियों को निर्देश।
जमुई: बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत संचालित 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजनों की समस्याओं के त्वरित व पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच )श्री बालमुकुंद प्रसाद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया गया।
इस दौरान जिले के सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण अंचलों से आए 15 फरियादियों ने उपस्थित होकर अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। अपर समाहर्ता ने प्रत्येक फरियादी की बात को अत्यंत संवेदनशीलता और ध्यानपूर्वक सुना तथा कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया। जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद के 10, आवास योजना का 01, पर्यावरण संरक्षण का 01, जीविका का 01, वासगीत पर्चा का 01 तथा बहाली प्रक्रिया का 01 मामला प्रकाश में आया। प्राप्त सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन सभी मामलों का बिना किसी विलंब के निर्धारित समय सीमा के भीतर और प्राथमिकता के आधार पर नियमसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फरियादियों को भी आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मो. नजरुल हक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Home Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Sep 18, 2026