प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक- 18सितंबर 2026
शीर्षक:जमुई में मेगा ऋण वितरण शिविर, 21 करोड़ से अधिक की ऋण निकासी।
जमुई: जीविका दीदियों की जीविकोपार्जन गतिविधियों को बढ़ावा देने व उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जीविका एवं बैंको के संयुक्त समन्वय से जिले में मेगा ऋण वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। जमुई जिले के सभी दसों प्रखंड में संचालित विभिन्न बैंकों की सभी शाखाओं में जीविका दीदियों द्वारा ऋण राशि की निकासी के लिए उत्साहजनक भागीदारी देखी गई। मिली जानकारी के मुताबिक शाम पांच बजे तक के आकड़ों के अनुसार, जमुई जिले में 21 करोड़ रुपये से अधिक की ऋण राशि की निकासी दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है की इस मेगा ऋण वितरण शिविर के सफल आयोजन को लेकर जीविका एवं जिले की विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि के बीच पूर्व में समन्वय बैठक आयोजित कर ठोस रणनीति तैयार की गई थी। पहले भी बैंक एवं जीविका की टीमों द्वारा आपसी समन्वय के साथ योग्य जीविका दीदियों तक ऋण सुविधा पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं|
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम एवं अन्य जीविकोपार्जन गतिविधियों के लिए बैंको के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। ऋण की राशि का उपयोग जीविका दीदियां अपनी मौजूदा आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने तथा नई आजीविका शुरू करने में कर सकेंगी। इससे महिलाओं एवं उनके परिवारों की आय में वृद्धि के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेगा ऋण वितरण शिविर को सफल बनाने में जीविका के प्रबंधक-सूक्ष्म वित्त वीरेंद्र कुमार शर्मा, एफआई-नोडल सुनील कुमार, जिले के सभी दसों प्रखंड के बीपीएम् जीविका , क्षेत्रीय एवं सामुदायिक समन्वयकों तथा विभिन्न बैंक प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीविका की प्रखंड इकाई के संबंधित कर्मियों द्वारा लगातार बैंक शाखाओं के साथ समन्वय करते हुए ऋण निकासी की प्रक्रिया को सुगम बनाने का प्रयास किया गया। इस अभियान की सफलता में बैंक मित्र, जीविका कैडर्स एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली|
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Jamui, Bihar | Sep 18, 2026