
फायरिंग और पथराव मामले में आरोपी गिरफ्तार, 315 बोर का कट्टा जब्त
मुरैना। पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी की जोटई में खेत पर तार फेंसिंग को लेकर हुए विवाद में फायरिंग और पथराव के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर 315 बोर का अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी अंशुल सिंह तोमर (21) निवासी बड़ी की जोटई ने थाना पोरसा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे वह अपने चाचा मुनेश सिंह तोमर के साथ खेत पर तार फेंसिंग करने गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रामपाल सिंह, बादल सिंह उर्फ कुलदीप और रोहित सिंह ने छत से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंटें फेंकीं, जिससे धर्मेंद्र सिंह के सिर में चोट लग गई। आरोप है कि इसी दौरान कट्टे से फायर भी किया गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पोरसा में अपराध क्रमांक 266/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और एसडीओपी अम्बाह प्रशांत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पोरसा ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर 30 सितंबर को रोहित सिंह तोमर (26) पुत्र रामपाल सिंह तोमर निवासी बड़ी की जोटई, पोरसा को गांव से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
#मुरैना #पोरसा #morena