
एनआईए में निशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर का आयोजन
बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
पंचकूला, 3 अक्टूबर : राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में निशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित किया गया। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर डॉ. संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में कौमारभृत्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य, स्वस्थ वृद्धि एवं समग्र विकास के प्रति अभिभावकों को आयुर्वेद आधारित बाल स्वास्थ्य पद्धतियों के बारे में जागरूक किया गया।
एनआईए के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व एवं डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में कौमारभृत्य विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अपर्णा दिलीप द्वारा अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों को बाल स्वास्थ्य तथा बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए अपनाई जाने वाली निवारक स्वास्थ्य पद्धतियों बारे अवगत कराया गया। आर्य वैद्यशाला कोट्टक्कल के सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने स्वर्णप्राशन का सेवन किया। आगामी स्वर्णप्राशन शिविर 31 अक्टूबर शनिवार को आयोजित किया जाएगा।
कौमारभृत्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रितेश कुमार वर्मा ने बताया कि स्वर्णप्राशन को बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से स्वर्णप्राशन के सेवन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, शक्ति, भूख और स्वास्थ्य में सुधार में मदद मिलती है। इसका प्रमुख उद्देश्य बच्चों की स्वस्थ वृद्धि, विकास और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य की निवारक देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ आयुर्वेद की उपयोगिता से भी परिचित कराया जा रहा है।