#गंगा_दशहरा_पर_सड़क_हादसा..
भरतपुर। डीग जिले के कामां थाना इलाके में बुधवार सुबह गंगा दशहरा के मौके पर एक बेकाबू कार ने जमकर कोहराम मचाया। कार चालक ने करीब 5 किलोमीटर तक वाहन को अंधाधुंध दौड़ाते हुए 6 महिलाओं समेत 10 लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायलों में बृज परिक्रमा कर रहे 5 श्रद्धालु भी शामिल हैं, जिनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रफ्तार के इस कहर के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई और कांस्टेबल भी खुद को बचाते समय गिरकर चोटिल हो गए। कामां पुलिस और एएसपी दिनेश यादव के अनुसार, कार चालक ने सबसे पहले कोसी चौराहे पर एक युवक को टक्कर मारी थी। इसके बाद जब कुछ बाइक सवारों ने उसका पीछा किया, तो वह घबरा गया और कार की रफ्तार बढ़ाकर उसे परिक्रमा मार्ग की तरफ ले गया। रास्ते में उसने विमल कुंड की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं और सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। भागने की कोशिश में आरोपी की कार अक्खड़वाड़ी मोड़ के पास एक कच्चे रास्ते पर पलट गई, जिसके बाद वह गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने कार को गड्ढे में पलटकर अपना विरोध जताया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Jun 24, 2026