सोलन-नाहन मार्ग पर स्थित नारग क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार नाहन से सोलन आ रही एक बस और सोलन से मड़ीघाट की ओर जा रही एक निजी बस नारग के समीप क्रॉस कर रही थीं। इसी दौरान सड़क का किनारा धंस जाने से निजी बस का पिछला टायर सड़क से नीचे धंस गया और बस खाई की ओर झुक गई।
बस में उस समय कई यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा होने से टल गया तथा सभी यात्री सुरक्षित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी कमजोर हो गई है। सड़क के साथ पर्याप्त पैराफिट (सुरक्षा दीवार) और अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के कमजोर हिस्सों को जल्द दुरुस्त किया जाए और सुरक्षा दीवारें लगाई जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि अभी पहली बारिश में सड़क की यह स्थिति है, तो आगामी मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए
#HimachalPradesh #NewsUpdate #Sirmour #Narag #RoadSafety #BusAccident #HRTC #RainAlert #ViralPost
Solan, Solan | Jun 12, 2026